20वें रोजगार मेले में पीएम मोदी ने 51 हजार से अधिक युवाओं को दी बधाई
खबर है..
नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 20वें रोजगार मेले को संबोधित किया। इस दौरान देशभर में 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवा के नियुक्ति पत्र दिए गए। प्रधानमंत्री ने युवाओं और उनके परिवारों को नई शुरुआत के लिए बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नियुक्त होने वाले युवा ऐसे समय में सरकारी सेवा से जुड़ रहे हैं, जब भारत 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से अपने हर निर्णय और जिम्मेदारी के माध्यम से विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं की प्रतिभा और कौशल ने दुनिया का भरोसा जीता है। BRICS सहयोग, फ्री ट्रेड एग्रीमेंट, स्टार्टअप इकोसिस्टम और कौशल विकास जैसी पहलों से युवाओं के लिए नए अवसर बन रहे हैं। उन्होंने बताया कि करीब एक हजार सरकारी ITI को 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश से आधुनिक बनाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत करीब दो करोड़ युवाओं को पहली बार कार्यबल का हिस्सा बनने का अवसर मिलेगा। उन्होंने नए कर्मचारियों से संवेदनशीलता, ईमानदारी और दक्षता के साथ काम करने तथा नागरिकों की समस्याएं कम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, “नागरिक देवो भव, नागरिक देवो भव—नागरिक की सेवा, राष्ट्र की सेवा है।”
