वडनगर रेलवे स्टेशन पर अमित शाह ने चलाया स्वच्छता अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजन
महेसाणा के सांसद हरिभाई पटेल, मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने भी स्वच्छता अभियान में शामिल

खबर है..
वडनगर/अहमदाबाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के वडनगर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने इसमें भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया।
अमित शाह ने वडनगर रेलवे स्टेशन परिसर में स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। उन्होंने स्वच्छ और सुंदर रेलवे परिसरों के महत्व का संदेश दिया। इस अवसर पर महेसाणा के सांसद हरिभाई पटेल, मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश सहित रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने भी स्वच्छता अभियान में भाग लिया।
अहमदाबाद मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान :
देशभर में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा’ (SHS) अभियान आयोजित किया जा रहा है। अहमदाबाद मंडल में भी रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, आवासीय क्षेत्रों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता एवं जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
‘स्वच्छ पाठशाला–युवा फॉर स्वच्छता’ के तहत स्वच्छता शपथ, ठोस कचरा प्रबंधन और कचरे के उचित पृथक्करण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इसके अलावा अपशिष्ट जल उपचार संयंत्र, बायो-टॉयलेट प्लांट और कोच वॉशिंग लाइनों का भ्रमण, नुक्कड़ नाटक, कला प्रतियोगिता तथा वस्तुओं के पुनः उपयोग जैसी गतिविधियां भी अभियान का हिस्सा हैं।
19 और 20 सितंबर को स्टेशनों के आसपास, यार्ड, रेलवे कॉलोनियों और ट्रैक किनारे चिन्हित कचरा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। सफाई के बाद इन स्थानों का सौंदर्यीकरण कर ‘स्वच्छता सेल्फी प्वाइंट’ विकसित किए जाएंगे। अभियान में स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों की भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *