देश का पहला सहकारी बैंक बना, जो अपनी शाखाओं के माध्यम से आधार सेवाएं देगा
प्रदेश में प्रतिदिन 15 हजार मशीनों से करीब 90 हजार आधार नामांकन और अपडेट हो रहे हैं : प्रशांत कुमार सिंह
खबर है..
लखनऊ
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव बैंक में आधार सेवाओं का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव बैंक, भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) द्वारा रजिस्ट्रार के रूप में नामित होने वाला देश का पहला सहकारी बैंक बन गया है, जो अपनी शाखाओं के माध्यम से आम जनता को आधार नामांकन और अपडेट की सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
इस नई व्यवस्था से लोगों को आधार संबंधी सेवाएं अधिक सुलभ और सुविधाजनक तरीके से मिल सकेंगी। अब नागरिक उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव बैंक की शाखाओं में जाकर आधार का नया नामांकन कराने के साथ-साथ आवश्यक अपडेट भी करा सकेंगे।
कार्यक्रम में प्रदेश के सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, प्रमुख सचिव सहकारिता अजय कुमार शुक्ला, UIDAI क्षेत्रीय कार्यालय, लखनऊ के उप महानिदेशक प्रशांत कुमार सिंह तथा आयुक्त एवं निबंधक, सहकारिता योगेश कुमार सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर UIDAI के उप महानिदेशक प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में आधार नामांकन और अपडेट के लिए लगभग 15 हजार मशीनें कार्यरत हैं, जिनके माध्यम से प्रतिदिन करीब 90 हजार लोगों के आधार नामांकन एवं अपडेट का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सहकारी बैंक की शाखाओं में आधार सेवाएं शुरू होने से लोगों को अपने नजदीक ही यह सुविधा उपलब्ध होगी। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को इससे बड़ा लाभ मिलेगा और उन्हें आधार संबंधी कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
उन्होंने यह भी अपील की कि जिन बच्चों की आयु 5 वर्ष या 15 वर्ष हो चुकी है और जिन्होंने अभी तक अपना अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट नहीं कराया है, वे जल्द से जल्द आधार केंद्र पर जाकर यह प्रक्रिया पूरी कराएं। इससे भविष्य में सरकारी योजनाओं, शिक्षा और अन्य सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
