जयंत चौधरी ने 5 नई सोलर कम्युनिटी हब स्किल वैन को दिखाई हरी झंडी

खबर है..
नई दिल्ली
केंद्रीय कौशल एवं उद्यमिता विकास मंत्री जयंत चौधरी ने देश में डिजिटल समावेशन और भविष्य के लिए तैयार कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पांच नई सोलर कम्युनिटी हब स्किल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल डेल टेक्नोलॉजीज इंडिया और राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) के सहयोग से शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य कम संसाधनों वाले समुदायों तक डिजिटल शिक्षा, एआई-सक्षम प्रशिक्षण और रोजगारपरक कौशल पहुंचाना है।
ये नई स्किल वैन उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, कर्नाटक, तेलंगाना और महाराष्ट्र में संचालित होंगी। सौर ऊर्जा से संचालित इन वैन में लैपटॉप, इंटरैक्टिव स्क्रीन, इंटरनेट कनेक्टिविटी और एआई-सक्षम शिक्षण उपकरण उपलब्ध होंगे। इनके माध्यम से 50 से अधिक व्यावसायिक, उच्च शिक्षा और सामुदायिक संस्थानों को तकनीकी सहायता तथा संरचित रोजगार मार्ग प्रदान किए जाएंगे।
इस अवसर पर जयंत चौधरी ने कहा कि ये स्किल वैन केवल डिजिटल स्पेस नहीं बल्कि “आकांक्षाओं के केंद्र” हैं, जो स्वच्छ ऊर्जा, एआई आधारित शिक्षा और उद्योग-अनुरूप कौशल विकास को जोड़ते हुए युवाओं को भविष्य के अवसरों के लिए तैयार करेंगी। उन्होंने इस पहल के लिए डेल टेक्नोलॉजीज और एनएसडीसी की सराहना करते हुए इसे समावेशी विकास और भविष्य के लिए तैयार कार्यबल निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
मनीष गुप्ता, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, डेल टेक्नोलॉजीज इंडिया ने कहा कि यह पहल सरकार, उद्योग और समुदायों के संयुक्त प्रयास का उदाहरण है, जो युवाओं और कामगारों को उनके अपने समुदायों में भविष्य की नौकरियों के लिए तैयार करेगी।
वित्त वर्ष 2023 में भारत में पहली सोलर कम्युनिटी हब स्किल वैन शुरू होने के बाद से यह कार्यक्रम 14 राज्यों के 18 जिलों तक पहुंच चुका है और अब तक 26.7 लाख लाभार्थियों को सीधा लाभ मिल चुका है। वैश्विक स्तर पर यह पहल 12 देशों में 63 स्किल वैन संचालित कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *