छपरा और मऊ को मिली दिल्ली से सीधी रेल कनेक्टिविटी

दोहरीघाट ट्रेन अब वाराणसी सिटी तक

खबर है..
नई दिल्ली
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छपरा जंक्शन से छपरा–दिल्ली एक्सप्रेस, मऊ–दिल्ली (आनंद विहार) एक्सप्रेस तथा दोहरीघाट–औंड़िहार ट्रेन सेवा के वाराणसी सिटी तक विस्तार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रेल मंत्रालय के अनुसार, इन नई सेवाओं से छपरा, मउ, वाराणसी, लखनऊ और दिल्ली के बीच यात्रियों को किफायती, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक रेल संपर्क मिलेगा।
समारोह को संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि बिहार में रेलवे विकास को रिकॉर्ड बजट आवंटन मिला है और राज्य में तीसरी-चौथी लाइन, रेलवे ओवरब्रिज तथा स्टेशन पुनर्विकास के कार्य तेजी से चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बिहार के 98 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।

रेल मंत्री ने भविष्य की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्ली -लखनऊ -वाराणसी -पटना -सिलीगुड़ी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर भी काम आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे यात्रा समय में बड़ी कमी आएगी। इस अवसर पर बिहार के मढ़ौरा लोकोमोटिव प्लांट से गिनी गणराज्य को निर्यात होने वाले 51वें मालवाहक रेल इंजन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह बिहार में निर्मित इंजनों के वैश्विक निर्यात की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसे बिहार और सारण क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि राज्य में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है और अधिकांश जिले अब रेल नेटवर्क से जुड़ चुके हैं।
नई रेल सेवाओं से पूर्वांचल और बिहार के लाखों यात्रियों को दिल्ली तथा वाराणसी तक बेहतर और सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे क्षेत्रीय विकास और आवागमन को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *