हिंदी के भविष्य पर कोई खतरा नहीं : वीरोदय

  • केन्द्रीय विद्यालय आरडीएसओ में “विश्व स्तर पर हिंदी का भविष्य” पर कार्यशाला
  • प्राचार्य ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्रम् पहनाकर किया सम्मानित

खबर है..
लखनऊ
डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्व विद्यालय लखनऊ के हिंदी एवं संस्कृति विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर यशवंत वीरोदय ने कहा कि वैसे तो हिंदी के भविष्य पर कोई खतरा नहीं हैं लेकिन यदि हमें इसे और आगे ले जाना है तो हिंदी को धन, रोजगार और ग्लैमर की भाषा बनाने पर जोर देना होगा।
वीरोदय शनिवार को केंद्रीय विद्यालय आरडीएसओ में आयोजित “विश्व स्तर पर हिंदी का भविष्य” विषय पर कार्यशाला को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। प्रोफेसर ने कहा कि हमें हिंदी में नया ज्ञान सृजित करना पडेगा। नए ज्ञान को अर्जित करने के लिए लोग हिंदी की तरफ अपने-आप आकर्षित होंगे। उन्होंने बताया की लोग वही भाषा ज्यादा पढ़ते हैं, अपनाते हैं, जिसमें उन्हें नया ज्ञान मिले, रोजगार मिले और धनार्जन हो। आज की दुनिया में नए ज्ञान और रोजगार का बहुत ही महत्त्व है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार आज़ादी के समय हिंदी संपर्क की भाषा थी उसी प्रकार आज भी भारत में हमें हिंदी को संपर्क भाषा के रूप में स्वीकार करना होगा। उन्होंने कहा कि हिंदी का भारत की अन्य भाषा से कोई विरोध नहीं है बल्कि हिंदी सभी भाषाओं को समृद्ध करती है। आज विश्व के कई विश्व विद्यालयों में हिंदी नियमित रूप से पढ़ाई जा रही है।
इससे पहले केंद्रीय विद्यालय आरडीएसओ के प्राचार्य राजेश कुमार शुक्ल ने मुख्य अतिथि का हरित स्वागत किया एवं अंगवस्त्रम् पहनाकर उनको सम्मानित किया। शुक्ल ने मुख्य अतिथि के जीवन और कार्यों पर विस्तृत प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि के संबोधन के बाद विद्यालय के उप प्राचार्य महेंद्र कुमार ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। हिंदी कार्यशाला के मंच का संचालन एचएन दुबे ने बखूबी ढंग से करते हुए विभिन्न लोकगीतों के माध्यम से हिंदी भाषा की समृद्धि एवं महत्त्व पर प्रकाश डाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *