इंडिया स्किल्स 2026-27 के लिए पंजीकरण की तारीख बढ़ी, अब 19 अक्टूबर तक मिलेगा मौका

वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 में भारत के शानदार प्रदर्शन के बाद बढ़ी युवाओं की रुचि, अब तक करीब 4 लाख पंजीकरण

खबर है..
नई दिल्ली
देश के युवाओं को अपनी प्रतिभा और कौशल प्रदर्शित करने का एक और अवसर देते हुए कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (MSDE) ने इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2026-27 के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 19 अक्टूबर 2026 कर दी है। विभिन्न संस्थानों और इच्छुक अभ्यर्थियों की ओर से मिले अनुरोधों के बाद मंत्रालय ने पंजीकरण विंडो दोबारा खोलने का फैसला किया है।
यह निर्णय वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता शंघाई 2026 में भारतीय दल के शानदार प्रदर्शन के बाद युवाओं में बढ़ी रुचि को देखते हुए लिया गया है। प्रतियोगिता में भारत ने वैश्विक स्तर पर 10वां स्थान हासिल किया। भारतीय प्रतिभागियों ने छह रजत पदक और उत्कृष्टता के 20 पदक (मेडलियन्स फॉर एक्सीलेंस) जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली स्थित अपने आवास, 7 लोक कल्याण मार्ग पर वर्ल्डस्किल्स शंघाई में भाग लेने वाले भारतीय प्रतिभागियों से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने कुशल युवाओं की उपलब्धियों की सराहना की और राष्ट्रीय विकास में व्यावसायिक कौशल की अहमियत को रेखांकित किया। इसके बाद विभिन्न संस्थानों और युवाओं ने इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण का एक और अवसर देने का अनुरोध किया।
मंत्रालय के अनुसार, इंडिया स्किल्स 2026-27 के लिए अब तक लगभग चार लाख पंजीकरण हो चुके हैं। पहले पंजीकरण नहीं करा सके पात्र अभ्यर्थी अब स्किल इंडिया डिजिटल हब (SIDH) के माध्यम से 19 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं।
राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) के कार्यान्वयन सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में विनिर्माण, इंजीनियरिंग, निर्माण, डिजिटल प्रौद्योगिकी, रचनात्मक उद्योगों और सेवा क्षेत्र से जुड़ी 63 कौशल श्रेणियां शामिल हैं। प्रतियोगिता जिला/जोनल, राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की जाती है। इसके माध्यम से प्रतिभाशाली युवाओं को विशेषज्ञ मार्गदर्शन और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिलता है।
मंत्रालय ने राज्य सरकारों, केंद्रशासित प्रदेशों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI), पॉलिटेक्निक, कॉलेजों, कौशल प्रशिक्षण संस्थानों और उद्योग जगत से पंजीकरण की विस्तारित अवधि की जानकारी अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने की अपील की है।
गौरतलब है कि वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 में भारत के 70 प्रतिभागियों के सबसे बड़े दल ने 63 कौशल श्रेणियों में हिस्सा लिया था। भारत ने वर्ल्डस्किल्स लियोन 2024 में हासिल 13वें स्थान से सुधार करते हुए इस बार 10वां स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि युवाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और कौशल विकास के बढ़ते महत्व को दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *