पुलिस स्मृति दिवस: अमित शाह ने शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि, 2029 तक नशामुक्त भारत का लक्ष्य

खबर है..
नई दिल्ली
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने ‘Fight Against Drugs’ के संदेश के साथ आयोजित देशव्यापी मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
समारोह को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद भारत ने विश्व में सम्मानजनक स्थान हासिल किया है। इसकी नींव में वीर जवानों का त्याग और बलिदान है। उन्होंने कहा कि आंतरिक सुरक्षा की पहली और अंतिम पंक्ति पुलिस के जवान हैं। चुनाव, त्योहार, प्रदर्शन और सीमा सुरक्षा जैसे हर मोर्चे पर पुलिस एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवान मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं।
गृह मंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 भारतीय पुलिस के लिए महत्वपूर्ण है। उनके अनुसार, 31 मार्च 2026 को देश ने नक्सलवाद से मुक्ति प्राप्त की। उन्होंने बताया कि 1981 से मार्च 2026 के बीच नक्सलवाद के कारण 3,600 से अधिक जवान और लगभग 13,700 नागरिक अपनी जान गंवा चुके हैं। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में CRPF, कोबरा बटालियन और छत्तीसगढ़ पुलिस के योगदान की सराहना की।
शाह ने कहा कि कश्मीर, पूर्वोत्तर और वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में शांति एवं विकास का वातावरण बना है। उन्होंने राष्ट्रीय पुलिस स्मारक को देशभर के नागरिकों के लिए श्रद्धा का केंद्र बताया। वर्ष 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका उद्घाटन किया था।
नशे के खिलाफ अभियान पर जोर देते हुए गृह मंत्री ने सभी पुलिस बलों से ‘नशा मुक्त भारत’ के रोडमैप को प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य 31 दिसंबर 2029 तक देश को नशे की समस्या से मुक्त करना है।
रैली में विभिन्न राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों, केंद्रीय सशस्त्र बलों और पुलिस संगठनों के लगभग 90 बाइक सवार शामिल हुए। यह रैली गुजरात के एकता नगर में आयोजित होने वाली एकता परेड-2026 से जुड़ी देशव्यापी पहल का हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *