उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने डॉ. रश्मि कुमार को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया

पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मिला सम्मान, बाल स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अनुसंधान को दी नई दिशा

खबर है..
लखनऊ
वरिष्ठ पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. रश्मि कुमार को बाल चिकित्सा तंत्रिका विज्ञान के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान लखनऊ में आयोजित ‘न्यूरोपेडिकॉन-2026’ के 25वें तीन दिवसीय वार्षिक सम्मेलन के दौरान उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रदान किया । एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी (उत्तर प्रदेश चैप्टर), लखनऊ एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स तथा किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU), लखनऊ के पीडियाट्रिक्स विभाग के संयुक्त तत्वावधान में इस सम्मेलन का आयोजन किया गया।
डॉ. रश्मि कुमार ने उत्तर प्रदेश में पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी की नींव रखने और KGMU में पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी यूनिट की स्थापना के माध्यम से इस चिकित्सा क्षेत्र को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बच्चों में तंत्रिका तंत्र से संबंधित बीमारियों के निदान, उपचार, अनुसंधान और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।
उनकी अकादमिक एवं शोध उपलब्धियों का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके लगभग 130 शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त, वह 170 से अधिक आमंत्रित व्याख्यान दे चुकी हैं तथा 13 प्रमुख शोध परियोजनाओं में प्रिंसिपल इन्वेस्टिगेटर के रूप में नेतृत्व कर चुकी हैं। वर्ष 2022 से लगातार स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में उनका शामिल होना उनकी शोध क्षमता और अकादमिक उत्कृष्टता को दर्शाता है।
चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, डॉ. रश्मि कुमार का समर्पण, शोधपरक दृष्टिकोण और दीर्घकालीन अनुभव बाल चिकित्सा तंत्रिका विज्ञान के क्षेत्र में कार्यरत चिकित्सकों एवं शोधकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका योगदान बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जाता है।
इस अवसर पर मुख्य आयोजक डॉ. चंद्रकांता, डॉ. श्वेजित बंसल, डॉ. अशोक राय, डॉ. सपना गुप्ता, डॉ. अचल गुप्ता, डॉ. जितेंद्र साहू, डॉ. विनीत बंगडे, डॉ. अनूप वर्मा, डॉ. टी.आर. यादव सहित अनेक गणमान्य चिकित्सक एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *