डिजिटल बैंकिंग और साइबर सुरक्षा को मिलेगी मजबूती, प्रधानमंत्री बोले— बीते दशक में वंचितों तक पहुंची बैंकिंग, अब सेवाओं को अधिक कुशल और विश्वसनीय बनाने पर जोर
खबर है..
नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ओडिशा के भुवनेश्वर में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के नवनिर्मित डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने इसे देश की डिजिटल वित्तीय व्यवस्था को मजबूत बनाने और साइबर खतरों से निपटने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से ओडिशा सहित पूरे देश को लाभ मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने महाप्रभु जगन्नाथ का स्मरण करते हुए कहा कि भुवनेश्वर नए भारत को एक महत्वपूर्ण संस्थान समर्पित कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार जनहितैषी, सक्रिय और सुशासन के मॉडल पर काम कर रही है, जिसका उद्देश्य विकास के अवसरों को गांवों और छोटे शहरों तक पहुंचाना है।
मोदी ने कहा कि डिजिटल बैंकिंग ने प्रत्येक भारतीय को 24 घंटे बैंकिंग सेवाओं से जोड़ा है। लगभग 60 करोड़ जनधन खातों के माध्यम से सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रही है। मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि और पीएम विश्वकर्मा जैसी योजनाओं ने छोटे उद्यमियों, रेहड़ी-पटरी वालों और पारंपरिक कारीगरों को औपचारिक बैंकिंग तथा ऋण सुविधाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि अटल पेंशन योजना के तहत नौ करोड़ नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं, जिनमें ओडिशा के 38 लाख लोग शामिल हैं। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से गरीबों और मध्यम वर्ग तक बीमा सुविधाएं पहुंचाने को सुशासन का उदाहरण बताया।
साइबर सुरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आधुनिक दौर में किसी देश की अर्थव्यवस्था को साइबर हमलों के जरिए भी नुकसान पहुंचाया जा सकता है। इसलिए भारत की वित्तीय प्रणाली को साइबर अपराधियों और साइबर आतंकवादियों से सुरक्षित रखना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि पिछला दशक बैंकिंग से वंचित लोगों को इससे जोड़ने का था, जबकि आने वाला दशक बैंकिंग सेवाओं को अधिक कुशल, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने का होगा। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि ओडिशा खनिज उद्योग से आगे बढ़कर सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स और उन्नत कंप्यूटिंग के क्षेत्र में भी नए अवसर पैदा करेगा।
