खबर है..
नई दिल्ली
भारतीय रेलवे की टिकट बुकिंग व्यवस्था को लगातार आधुनिक और मजबूत बनाने के प्रयासों के बीच IRCTC ने नया ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया है। 7 सितंबर 2026 को एक ही दिन में 20,06,353 आरक्षित टिकटों की बुकिंग दर्ज की गई। यह IRCTC की अब तक की सबसे अधिक एक-दिवसीय टिकट बुकिंग है।
वर्तमान में कुल आरक्षित टिकटों में से करीब 89 प्रतिशत टिकट ऑनलाइन माध्यम से बुक किए जा रहे हैं। त्योहारी सीजन में बढ़ी मांग के बावजूद टिकटिंग सिस्टम ने लगातार भारी लोड को सफलतापूर्वक संभाला। इसका प्रमाण अगले दिन 8 सितंबर को 19,50,699 टिकटों की बुकिंग से भी मिलता है।
पिछले वर्ष त्योहारी सीजन में 19 अगस्त को 18,40,203 टिकट एक दिन में बुक हुए थे। इस लिहाज से इस वर्ष की नई उपलब्धि टिकटिंग सिस्टम की बढ़ी क्षमता को दर्शाती है।
पहले घंटे में ही नहीं होती अधिकांश बुकिंग : वर्तमान ट्रेंड के अनुसार दिन की कुल बुकिंग में से केवल 8.43 से 14.14 प्रतिशत बुकिंग सुबह 8 से 9 बजे के बीच होती है। यानी 85 प्रतिशत से अधिक टिकटों की बुकिंग दिन के बाकी समय में सफलतापूर्वक पूरी होती है। सुबह 8 से 8:15 बजे के बीच लगातार सबसे अधिक बुकिंग दर्ज होती है, जो इस अवधि में अत्यधिक समवर्ती मांग को दर्शाती है।
सर्वर क्षमता लगभग दोगुनी : इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे NGeT सिस्टम के रिफ्रेश को महत्वपूर्ण कदम बताया गया है। पुराने सर्वरों की जगह नए सर्वर लगाए गए हैं, जिससे पूरे सिस्टम की क्षमता लगभग दोगुनी हो गई है। इसके अलावा सॉफ्टवेयर ऑप्टिमाइजेशन और आर्किटेक्चर में सुधार के माध्यम से भी सिस्टम की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है।
नया यूजर इंटरफेस बना अधिक सुविधाजनक : 15 जुलाई 2026 से IRCTC के नए यूजर इंटरफेस का बीटा वर्जन शुरू किया गया। ग्लासमॉर्फिज्म जैसे आधुनिक ग्लोबल डिजाइन ट्रेंड से प्रेरित यह नया इंटरफेस लॉगिन से लेकर टिकट कन्फर्मेशन तक यात्रियों को अधिक व्यवस्थित अनुभव प्रदान करता है। नए इंटरफेस में स्लीपर, AC 3-Tier और AC 2-Tier जैसी विभिन्न श्रेणियों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर देखने की सुविधा दी गई है। इससे यात्री विभिन्न विकल्पों की आसानी से तुलना कर तेजी से निर्णय ले सकते हैं।
Anti-BOT से फर्जी ट्रैफिक पर लगाम : IRCTC ने Anti-BOT और CDN (Content Delivery Network) क्षमताओं को लागू करने के लिए एक प्रमुख टेक्नोलॉजी कंपनी के साथ काम किया है। इसके परिणामस्वरूप हाल के महीनों में दुर्भावनापूर्ण BOT ट्रैफिक में 55 से 65 प्रतिशत तक कमी आई है। CDN के इस्तेमाल से स्टैटिक कंटेंट का लोड NGeT सिस्टम पर कम हुआ है, जिससे वास्तविक और सत्यापित यात्रियों के लिए बुकिंग अनुभव बेहतर हुआ है। साथ ही नेटवर्क सुरक्षा टीम फर्जी वेबसाइटों और IRCTC की नकल करने वाले मोबाइल ऐप्स के खिलाफ भी कार्रवाई कर रही है। लगातार सर्वर अपग्रेड, नए यूजर इंटरफेस, सॉफ्टवेयर ऑप्टिमाइजेशन, Anti-BOT और CDN जैसी तकनीकी पहलों के चलते IRCTC का NGeT सिस्टम त्योहारी सीजन की रिकॉर्ड मांग को संभालने में सक्षम साबित हो रहा है।
IRCTC ने बनाया नया रिकॉर्ड, एक दिन में 20.06 लाख से अधिक टिकट बुक
