रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण, यात्री सुविधाओं का लिया जायजा

त्योहारों में दिल्ली के स्टेशनों पर प्रतिदिन 8 लाख तक पहुंचे यात्री, सुरक्षा के लिए लगाए गए 700 अतिरिक्त एआई कैमरे खबर है..नई दिल्लीकेंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने 6 अक्टूबर शुक्रवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और दिवाली एवं छठ के दौरान बढ़ने वाली भीड़ से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से बातचीत कर सुविधाओं के बारे में फीडबैक भी लिया। यात्रियों ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।रेल मंत्री ने कहा कि दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ के दौरान रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए अतिरिक्त विशेष रेलगाड़ियां चलाई गई हैं और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। सुरक्षा एवं निगरानी मजबूत करने के लिए 700 अतिरिक्त एआई कैमरे भी लगाए गए हैं।नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अनारक्षित यात्रियों के साथ अब आरक्षित टिकट वाले यात्रियों के लिए भी होल्डिंग एरिया बनाया गया है। सामान की जांच की व्यवस्था स्टेशन भवन के बाहर स्थानांतरित की गई है, जिससे अंदर अतिरिक्त प्रतीक्षालय की सुविधा उपलब्ध हुई है।रेलवे के अनुसार, दिल्ली के नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, आनंद विहार, हजरत निजामुद्दीन और सराय रोहिल्ला स्टेशनों पर 1 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक करीब 2 करोड़ यात्रियों की आवाजाही हुई। सामान्य दिनों में प्रतिदिन लगभग 5 लाख यात्रियों के मुकाबले त्योहारों में यह संख्या बढ़कर 8 लाख तक पहुंच गई।इसी अवधि में मुंबई में 1.5 करोड़, हैदराबाद में 90 लाख, बेंगलुरु में 1 करोड़ तथा सूरत-उधना में 50 लाख यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई। रेलवे ने प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट बुकिंग, पेयजल, स्वच्छ शौचालय, सामान जांच और विशेष प्रतीक्षालय की व्यवस्था की है। इनका उद्देश्य त्योहारों में यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।

Read More

बीईएमएल का शानदार प्रदर्शन, पहली छमाही में राजस्व 36.5% बढ़ा; ऑर्डर बुक ₹20,000 करोड़ के पार

EBITDA में 125% की वृद्धि, मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए मिला ₹5,400 करोड़ का ऐतिहासिक ठेका खबर है..बेंगलुरुरक्षा मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक क्षेत्र की अग्रणी कंपनी बीईएमएल लिमिटेड (BEML) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में शानदार वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी के परिचालन से प्राप्त राजस्व में पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 36.53 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यह बढ़कर ₹2,011.23 करोड़ हो गया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह ₹1,473.08 करोड़ था।कंपनी का EBITDA 125.11 प्रतिशत की प्रभावशाली वृद्धि के साथ ₹88.76 करोड़ पर पहुंच गया, जो पिछले वर्ष ₹39.43 करोड़ था। वहीं, कंपनी ने लाभप्रदता में भी उल्लेखनीय सुधार करते हुए ₹5.67 करोड़ का शुद्ध लाभ (PAT) दर्ज किया, जबकि पिछले वर्ष की पहली छमाही में उसे ₹9.12 करोड़ का घाटा हुआ था।बीईएमएल की इस उपलब्धि में मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल परियोजना के लिए नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) से मिला ₹5,400 करोड़ का ऐतिहासिक ठेका विशेष महत्व रखता है। यह कंपनी के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा एकल ऑर्डर है। इससे देश में हाई-स्पीड रेल और आधुनिक परिवहन तकनीक के क्षेत्र में कंपनी की क्षमताओं को नई पहचान मिली है।अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कंपनी ने अपनी स्थिति मजबूत की है। अफ्रीकी क्षेत्र में मेट्रो रेल कोचों के लिए 60 मिलियन अमेरिकी डॉलर का लेटर ऑफ इंटेंट तथा मध्य पूर्व के लिए स्वदेशी रूप से विकसित 6×6 हाई मोबिलिटी व्हीकल्स के निर्यात का 1.3 मिलियन डॉलर का ऑर्डर प्राप्त हुआ है।स्वदेशी तकनीक के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए बीईएमएल ने मैसूर परिसर में भारत का पहला स्वदेशी डिजाइन एवं विकसित 60 टन क्षमता वाला इलेक्ट्रिक डंप ट्रक BH60-EV भी प्रदर्शित किया। कंपनी की कुल ऑर्डर बुक ऐतिहासिक रूप से ₹20,000 करोड़ के पार पहुंच गई है। यह उपलब्धि रक्षा, रेल एवं मेट्रो तथा खनन और निर्माण उपकरण क्षेत्रों में कंपनी की बढ़ती व्यावसायिक संभावनाओं और मजबूत बाजार स्थिति को दर्शाती है।

Read More

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर छात्रों का भविष्य संवारें शिक्षक : अनूप अवस्थी

केंद्रीय विद्यालय आरडीएसओ में वार्षिक पैनल निरीक्षण सम्पन्न, छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से अतिथियों का किया स्वागत खबर है..लखनऊकेंद्रीय विद्यालय आरडीएसओ, लखनऊ में केंद्रीय विद्यालय संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ के सहायक आयुक्त अनूप अवस्थी की अध्यक्षता में वार्षिक पैनल निरीक्षण सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार शुक्ल ने निरीक्षण दल के सदस्यों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। अतिथियों के सम्मान में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक स्वागत गीत प्रस्तुत करने के साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सभी का मन मोह लिया।निरीक्षण दल में अम्बरीश गुप्ता (प्राचार्य, केंद्रीय विद्यालय भेल जगदीशपुर), राजीव कुमार सिंह (प्राचार्य, केंद्रीय विद्यालय सीआरपीएफ बिजनौर), अशोक पाठक (प्राचार्य, केंद्रीय विद्यालय एसजीपीजीआई लखनऊ), प्रदीप कुमार मिश्र (उप प्राचार्य, केंद्रीय विद्यालय गोमतीनगर), अर्चना गुप्ता (उप प्राचार्य, केंद्रीय विद्यालय एएमसी), संजय शर्मा (उप प्राचार्य, केंद्रीय विद्यालय अलीगंज), रिजवान अहमद (मुख्याध्यापक, केंद्रीय विद्यालय आईआईएम) तथा बीबी मौर्या (मुख्याध्यापक, केंद्रीय विद्यालय मेमौरा) शामिल रहे।निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षण पद्धतियों एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। इस अवसर पर सहायक आयुक्त अनूप अवस्थी ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना केंद्रीय विद्यालय संगठन का प्रमुख उद्देश्य है। शिक्षक अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निभाएं तथा विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारकर उनका भविष्य संवारें। उन्होंने विभिन्न शैक्षणिक विषयों पर शिक्षकों का मार्गदर्शन भी किया।निरीक्षण दल की ओर से प्रदीप कुमार मिश्र ने शिक्षकों के उत्कृष्ट शिक्षण कार्यों की सराहना करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। वहीं, प्राथमिक विभाग के शिक्षण कार्यों की जानकारी देते हुए रिजवान अहमद ने समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के उप प्राचार्य महेंद्र कुमार ने निरीक्षण दल के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सहायक आयुक्त को आश्वस्त किया कि विद्यालय उनके दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करेगा तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम हासिल करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कार्यालय कर्मचारी उपस्थित रहे।

Read More

पीएम-सेतु से पूर्वोत्तर में कौशल विकास को मिलेगी नई दिशा, पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में बढ़ेंगे वैश्विक रोजगार के अवसर

नुमालीगढ़ रिफाइनरी और ऑयल इंडिया लिमिटेड के सहयोग से दो आईटीआई क्लस्टर विकसित होंगे; एसआईआईसी की स्थापना के लिए केंद्र और असम सरकार के बीच एमओयू खबर है..नई दिल्लीप्रधानमंत्री कौशल विकास और उन्नत आईटीआई (पीएम-सेतु) योजना के माध्यम से पूर्वोत्तर भारत में कौशल विकास के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और युवाओं के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसी क्रम में कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) ने गुवाहाटी में पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र पर विशेष ध्यान देते हुए अंतरराष्ट्रीय रोजगार गतिशीलता और कौशल विकास पर एक कार्यक्रम आयोजित किया।कार्यक्रम में कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि पीएम-सेतु का उद्देश्य आईटीआई को आधुनिक और उद्योग की जरूरतों के अनुरूप संस्थानों में बदलना है। इससे युवाओं को भविष्य की रोजगार आवश्यकताओं के अनुसार प्रशिक्षित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर में पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। यहां के युवाओं को वैश्विक रोजगार के लिए भी तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है।असम सरकार के मंत्री बिस्वजीत दैमारी ने कहा कि केंद्र, राज्य और उद्योग के बीच बेहतर समन्वय से युवाओं को रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं।कार्यक्रम के दौरान सेक्टर इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्री कोलेबोरेशन (एसआईआईसी) की स्थापना के लिए एमएसडीई और असम सरकार के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान किया गया। वहीं, पीएम-सेतु के तहत जोरहाट और तिनसुकिया आईटीआई क्लस्टर के लिए आशय पत्रों (एलओआई) पर हस्ताक्षर किए गए। इन क्लस्टरों को क्रमशः नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड (एनआरएल) और ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओआईएल) का सहयोग मिलेगा।कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय कौशल मानकों, विश्व कौशल, वैश्विक कार्यबल की मांग तथा असम की सीएम फ्लाइट योजना और ग्लोबल स्किल सेंटर के दृष्टिकोण पर भी चर्चा हुई। यह पहल पूर्वोत्तर के युवाओं को उद्योग आधारित प्रशिक्षण देकर रोजगार के वैश्विक अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

Read More

भारत की पहली बुलेट ट्रेन निर्माणाधीन: स्वदेशी तकनीक और विश्वस्तरीय यात्री सुविधाओं का अनूठा संगम

मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल परियोजना के लिए BEML बेंगलुरु में तैयार कर रही है भारत की पहली स्वदेशी बुलेट ट्रेन, 280 किमी प्रति घंटे की होगी अधिकतम परीक्षण गति खबर है..बेंगलुरुभारत हाई-स्पीड रेल तकनीक के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ा रहा है। देश की पहली स्वदेशी बुलेट ट्रेन का निर्माण कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित BEML के विनिर्माण परिसर में किया जा रहा है। यह ट्रेन मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के लिए तैयार की जा रही है। आधुनिक इंजीनियरिंग, स्वदेशी तकनीक और विश्वस्तरीय यात्री सुविधाओं से सुसज्जित इस ट्रेन को भारतीय परिस्थितियों और यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।280 किमी प्रति घंटे होगी परीक्षण गति :इस बुलेट ट्रेन की अधिकतम परीक्षण गति 280 किलोमीटर प्रति घंटा और परिचालन गति 249 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित है। लगभग 202 मीटर लंबी इस ट्रेन में आठ कोच होंगे, जिनमें चार मोटर कार और चार ट्रेलर कार शामिल हैं। ट्रेन में लगभग 557 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी। इसमें दिव्यांगजनों और विशेष आवश्यकता वाले यात्रियों के लिए भी दो सीटों की व्यवस्था की गई है। सात कोच में स्टैंडर्ड क्लास की 3×2 सीटिंग और एक कोच में एग्जीक्यूटिव क्लास की 2×2 सीटिंग होगी। भविष्य में दो आठ-कोच वाली ट्रेनों को जोड़कर 16 कोच की ट्रेन भी चलाई जा सकेगी।यात्रियों के आराम और सुरक्षा पर विशेष ध्यान :ट्रेन के अंदरूनी हिस्से को भारतीय यात्रियों की शारीरिक संरचना के अनुरूप तैयार किया गया है। इसमें आरामदायक सीटें, पर्याप्त लेगरूम, एलईडी लाइटिंग, सामान रखने के लिए ओवरहेड रैक और बड़े सामान के लिए अलग स्टैंड होंगे। मोबाइल और लैपटॉप चार्जिंग के लिए पावर आउटलेट भी उपलब्ध होंगे। आधुनिक बायो-डाइजेस्टर शौचालय, बड़ी खिड़कियां और कोचों के बीच सुरक्षित एवं सीलबंद गैंगवे यात्रियों को बेहतर अनुभव देंगे।डिजिटल सुविधाओं से होगी यात्रा आसान :यात्रियों की सुविधा के लिए एलसीडी डिस्प्ले पर हिंदी, अंग्रेजी और क्षेत्रीय भाषाओं में सूचनाएं उपलब्ध होंगी। ऑटोमैटिक अनाउंसमेंट, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, आपातकालीन टॉक-बैक सुविधा और वाई-फाई आधारित मनोरंजन प्रणाली भी दी जाएगी।दिव्यांगजनों के लिए विशेष व्यवस्था :ट्रेन का फर्श प्लेटफॉर्म की ऊंचाई के अनुरूप रखा गया है, जिससे चढ़ने-उतरने में आसानी होगी। व्हीलचेयर अनुकूल दरवाजे, विशेष शौचालय, ब्रेल संकेतक और दरवाजों पर रिट्रैक्टेबल फुटस्टेप इसकी प्रमुख विशेषताएं हैं।ऊर्जा दक्षता और आधुनिक तकनीक :ट्रेन में 25 केवी, 50 हर्ट्ज सिंगल-फेज एसी ट्रैक्शन प्रणाली का इस्तेमाल होगा। रीजनरेटिव ब्रेकिंग तकनीक ब्रेक लगाने के दौरान ऊर्जा को पुनः प्राप्त करने में मदद करेगी। इसके अलावा, विशेष एयरोडायनामिक डिजाइन, ध्वनि अवरोधक सामग्री और एयरफ्लो नियंत्रण तकनीक से हवा का प्रतिरोध, कंपन और शोर कम करने में मदद मिलेगी। प्रत्येक कोच में दो एचवीएसी यूनिट होंगी, जो तापमान और आर्द्रता को नियंत्रित रखेंगी।यह स्वदेशी बुलेट ट्रेन भारत की आधुनिक रेल तकनीक, विनिर्माण क्षमता और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हो सकती है।

Read More