— आरटीओ और एडीटीआई परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाए गए पौधे
— पौधारोपण आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित पर्यावरण सुनिश्चित करने का है संकल्प : रोडवेज एएमडी
— पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता : डीटीसी

खबर है..
लखनऊ
प्रदेशव्यापी वृहद वृक्षारोपण अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत रविवार को लखनऊ के संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) परिसर के साथ ही एडीटीआई एवं डिटेंशन सेंटर, सुल्तानपुर रोड पर भी व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया गया। इस दौरान परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। एडीटीआई के काकोरी एवं डिटेंशन सेंटर, सुल्तानपुर रोड परिसर में कुल 3600 पौधे रोपे गए।
इस अवसर पर रोडवेज के एएमडी विपिन मिश्रा ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक पौधे को वृक्ष बनाने का संकल्प ही इस अभियान की वास्तविक सफलता होगी।
परिवहन विभाग के डिप्टी ट्रांसपोर्ट कमिश्नर ( डीटीसी ) राधेश्याम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे तो प्रदेश को हरित और प्रदूषण मुक्त बनाने का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।
एआरटीओ (प्रशासन/प्रवर्तन) प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे तो प्रदेश को हरित और स्वच्छ बनाने का लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना जितना जरूरी है, उनकी नियमित देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है।
कार्यक्रम में आरटीओ प्रवर्तन, प्रभात पाण्डेय, आरएम लखनऊ विमल राजन, एआरएम कैसरबाग, एआरएम आलमबाग, एआरएम अवध डिपो, एआरएम चारबाग, मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) प्रशांत कुमार, विष्णु कुमार, प्रदीप कुमार यादव सहित संभागीय परिवहन कार्यालय लखनऊ के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया।

