— हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया भंडारे का प्रसाद
खबर है..
लखनऊ । सातवें बड़े मंगल के अवसर पर मंगलवार को लक्ष्मी विहार कॉलोनी, केसरीखेड़ा मोड के सामने स्थानीय दुकानदारों ने भव्य भंडारे का आयोजन किया। शाम तक चले इस भव्य भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
लक्ष्मी विहार कॉलोनी मोड़ के सामने बन रहे निर्माणाधीन रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) के सामने स्थित दुकानदारों दिनेश सिंह, इंजीनियर मंजेश, चुन्नीलाल पाल, वीरेंद्र कुमार और लक्ष्मी विहार कॉलोनी के निवासियों ने सुबह संकट मोचन बजरंगबली का पूजा अर्चना किया। इसके बाद पवन पुत्र हनुमान को भंडारे का भोग लगाया गया। दोपहर 12:00 बजे से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की शुरुआत की गई, जो शाम तक चली। इस भव्य भंडारे में श्रद्धालुओं को बूंदी, चावल-छोले, फल आदि का वितरण किया गया। भंडारे के आयोजन से जुड़े दिनेश सिंह ने बताया कि कड़ी धूप के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं नजर आई बल्कि शाम तक चले इस भव्य भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
