IRCTC ने अनधिकृत ई-कैटरिंग प्लेटफॉर्म के खिलाफ कार्रवाई तेज की

यात्रियों को केवल अधिकृत माध्यमों से भोजन बुक करने की सलाह

खबर है..
नई दिल्ली
रेल यात्रियों की खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता, निजता और आर्थिक हितों की रक्षा के लिए भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने रेलवे नेटवर्क में संचालित अनधिकृत ई-कैटरिंग वेबसाइटों और मोबाइल ऐप के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया है। निगम ने चेतावनी जारी करने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वाली संस्थाओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी तेज कर दी है।
IRCTC के अनुसार, अनधिकृत प्लेटफॉर्म अक्सर ऐसे खाद्य प्रतिष्ठानों से भोजन उपलब्ध कराते हैं, जिनके पास FSSAI का अनिवार्य लाइसेंस नहीं होता। ऐसे प्रतिष्ठानों में स्वच्छता मानकों की अनदेखी, अप्रशिक्षित खाद्यकर्मियों और बिना अनिवार्य स्वास्थ्य जांच वाले डिलीवरी कर्मचारियों के कारण यात्रियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को खतरा हो सकता है।
इसके अलावा, इन प्लेटफॉर्म पर PNR, मोबाइल नंबर, ई-मेल और बैंकिंग एवं UPI संबंधी जानकारी साझा करने से यात्रियों को साइबर धोखाधड़ी, पहचान के दुरुपयोग और वित्तीय नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। भोजन की डिलीवरी में देरी, ऑर्डर रद्द होने और शिकायतों के समाधान की व्यवस्था नहीं होना भी बड़ी समस्या है।
IRCTC ने कुछ अनधिकृत प्लेटफॉर्म के नाम जारी किए हैं, जिनमें RailRestro, RailMitra, TravelKhana, TrainsCafe, DibRail, RailFood, TravelerFood, FoodOnTrack, eCatering, KhanaOnline, Trainway, RailMeal और TrainMenu शामिल हैं।
निगम ने यात्रियों से केवल आधिकारिक वेबसाइट www.ecatering.irctc.co.in, Food on Track मोबाइल ऐप, अधिकृत ई-कैटरिंग साझेदारों अथवा 1323 हेल्पलाइन के माध्यम से भोजन बुक करने की अपील की है। रेलवे परिसर या ट्रेन में अवैध खाद्य आपूर्ति की सूचना RPF हेल्पलाइन नंबर 182 पर दी जा सकती है।
IRCTC की ई-कैटरिंग सेवा के माध्यम से यात्रियों को क्षेत्रीय व्यंजनों, पारंपरिक भोजन, पिज्जा, बर्गर और केक सहित विभिन्न खाद्य विकल्प उपलब्ध कराए जाते हैं। निगम ने स्पष्ट किया है कि अधिकृत माध्यमों से भोजन बुक करना सुरक्षित, स्वच्छ और भरोसेमंद रेल यात्रा के लिए जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *