शिवराज सिंह चौहान ने तैयारियों की समीक्षा की
खबर है..
नई दिल्ली
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आगामी ‘खेत बचाओ अभियान’ की तैयारियों को लेकर विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्रियों के साथ वर्चुअल बैठक की। 22 अक्टूबर से 30 नवंबर, 2026 तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, टिकाऊ खेती और केंद्र सरकार की किसान-केंद्रित योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।
बैठक में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, महाराष्ट्र, असम, तेलंगाना, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कृषि मंत्रियों ने भाग लिया। केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, विभागीय सचिव अतिश चंद्रा और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट भी उपस्थित रहे।
अभियान में जनभागीदारी पर जोर : शिवराज सिंह चौहान ने राज्यों से किसानों, कृषि वैज्ञानिकों और जिला प्रशासन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अभियान केवल औपचारिकता बनकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका वास्तविक लाभ किसानों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने प्रभावी क्रियान्वयन और निगरानी के लिए राज्य तथा जिला स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करने और जिला कलेक्टरों को आवश्यक निर्देश देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से भी अभियान का संदेश अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाया जाए।
टिकाऊ खेती और सरकारी योजनाओं पर विशेष ध्यान : अभियान के तहत फसल अवशेष प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य सुधार, जल संरक्षण, प्राकृतिक खेती, एकीकृत कीट प्रबंधन, फसल विविधीकरण, कृषि यंत्रीकरण तथा दलहन और तिलहन उत्पादन को प्रोत्साहित किया जाएगा। किसानों को उर्वरकों के संतुलित उपयोग और जलवायु-अनुकूल कृषि पद्धतियों की जानकारी भी दी जाएगी।
इसके अलावा किसान पहचान पत्र (फार्मर आईडी), प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, बीज वितरण और मृदा स्वास्थ्य कार्ड जैसी पहलों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
अभियान के तहत कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन एजेंसी (ATMA) और आईसीएआर के लिए 50-50 लाख प्रतिभागियों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। कृषि विज्ञान केंद्रों और एटीएमए की कुल 4,150 टीमों के माध्यम से किसानों से सीधा संवाद, प्रशिक्षण और उन्नत कृषि तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। चौहान ने केंद्र और राज्य सरकारों तथा कृषि संस्थानों से समन्वित प्रयास कर अभियान सफल बनाने की अपील की।
