मध्यप्रदेश में रेल कनेक्टिविटी को नई सौगात

मोदी ने वडोदरा से धार के टांडा रोड स्टेशन के बीच नई ट्रेन सेवा का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई रेल सुविधाओं के लिए प्रधानमंत्री और रेलमंत्री का आभार जताया

खबर है..
भोपाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वडोदरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान धार जिले के टांडा रोड स्टेशन और वडोदरा के बीच नई यात्री ट्रेन सेवा तथा डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) नेटवर्क पर चार मालगाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने वडोदरा-रतलाम के बीच तीसरी एवं चौथी रेल लाइन के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई रेल सुविधाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नई रेल सेवा से मध्यप्रदेश और गुजरात के बीच यात्री एवं माल परिवहन संपर्क मजबूत होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे रेल परिवहन की क्षमता बढ़ेगी तथा रेल मार्ग पर भीड़ और अन्य बाधाएं कम होंगी। बेहतर रेल कनेक्टिविटी से उद्योग, व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी परिवहन के विभिन्न क्षेत्रों में जनता के लिए सुविधाओं के विस्तार का कार्य निरंतर कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री और केंद्रीय रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *