ईपीएफओ ने कर्मचारी नामांकन अभियान 2026 का लाभ उठाने की अपील की

खबर है..
नई दिल्ली
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने प्रतिष्ठानों और नियोक्ताओं से कर्मचारी नामांकन अभियान (EEC) 2026 का लाभ उठाने की अपील की है। इस अभियान के माध्यम से ऐसे पात्र कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने का अवसर दिया जा रहा है, जो 1 अप्रैल 2009 से 31 मार्च 2026 के बीच ईपीएफ कवरेज से बाहर रह गए थे।
29 जून 2026 से प्रभावी यह विशेष अभियान 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इसका उद्देश्य नियोक्ताओं को स्वैच्छिक अनुपालन का अवसर देना तथा पात्र कर्मचारियों को भविष्य निधि, पेंशन और बीमा जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं से जोड़ना है।
पात्र कर्मचारियों का हो सकेगा नामांकन : ईईसी 2026 के तहत पात्र नियोक्ता उन कर्मचारियों की घोषणा कर सकते हैं, जो निर्धारित अवधि के दौरान ईपीएफ के दायरे से बाहर रहे हों। ऐसे कर्मचारी घोषणा की तारीख को जीवित होने के साथ-साथ संबंधित प्रतिष्ठान में कार्यरत होने चाहिए।
अभियान के तहत पूर्व अनुपालन को नियमित करने के लिए कुछ विशेष छूट भी दी गई हैं। इनमें, निर्धारित शर्तों के अधीन, यदि पहले कर्मचारी के हिस्से की कटौती नहीं की गई थी तो उस हिस्से से संबंधित छूट का प्रावधान भी शामिल है।
ऑनलाइन प्रक्रिया से होगा नामांकन : नियोक्ताओं को निर्धारित ऑनलाइन माध्यम के जरिए नामांकन और भुगतान की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। प्रत्येक घोषित कर्मचारी के लिए उमंग ऐप के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन आधारित यूएएन तैयार किया जाएगा। इसके बाद संबंधित अंशदान इलेक्ट्रॉनिक चालान -कम -रिटर्न (ECR) के माध्यम से जमा किया जाएगा।
रोजगार और वेतन रिकॉर्ड की समीक्षा करने की अपील : ईपीएफओ ने नियोक्ताओं से अपने रोजगार और वेतन रिकॉर्ड की समीक्षा करने तथा ऐसे पात्र कर्मचारियों की पहचान करने का आग्रह किया है, जो निर्धारित अवधि में ईपीएफ कवरेज से बाहर रह गए थे। ईपीएफओ द्वारा अभियान के संबंध में नियोक्ताओं, कर्मचारियों, प्रतिष्ठानों, ठेकेदारों और अन्य हितधारकों के बीच जागरूकता फैलाने के लिए व्यापक संपर्क अभियान भी चलाया जा रहा है।
केंद्र और राज्य सरकारों के मंत्रालयों एवं विभागों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्वायत्त निकायों और अन्य संगठनों से भी अपने प्रशासनिक नियंत्रण वाले प्रतिष्ठानों एवं सेवा प्रदाताओं के बीच ईईसी 2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग करने का आग्रह किया गया है। ईपीएफओ ने नियोक्ताओं से इस एक बार मिलने वाले अवसर का लाभ उठाते हुए 31 अक्टूबर 2026 को अभियान समाप्त होने से पहले पात्र कर्मचारियों का नामांकन पूरा करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *