भारतीय रेल के आधुनिकीकरण में आरडीएसओ की अहम भूमिका : रवनीत सिंह

खबर है..
लखनऊ
रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने कहा कि भारतीय रेल के आधुनिकीकरण, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लक्ष्यों को हासिल करने में अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (RDSO) की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों से अनुसंधान, नवाचार और तकनीकी उत्कृष्टता के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि उन्नत अनुसंधान और प्रभावी मानकीकरण भारतीय रेल को विश्वस्तरीय परिवहन प्रणाली बनाने में निर्णायक योगदान देंगे।
बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर आरडीएसओ पहुंचे राज्य मंत्री ने संगठन की विभिन्न अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं का निरीक्षण किया और भारतीय रेल के अनुसंधान, परीक्षण तथा मानकीकरण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सिग्नल प्रयोगशाला, एयर ब्रेक प्रयोगशाला, इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव प्रयोगशाला, नवीन श्रांति परीक्षण प्रयोगशाला तथा आईएमडब्ल्यू प्रयोगशाला का भ्रमण कर वहां संचालित परीक्षणों, अनुसंधान गतिविधियों और तकनीकी नवाचारों की जानकारी प्राप्त की।
दौरे के दूसरे चरण में आयोजित समीक्षा बैठक में आरडीएसओ के महानिदेशक प्रभास दानसाना ने आरडीएसओ की प्रमुख उपलब्धियों, वर्तमान अनुसंधान गतिविधियों तथा भारतीय रेल की सुरक्षा, विश्वसनीयता और तकनीकी उन्नयन में संगठन की भूमिका पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने आरडीएसओ की कार्यप्रणाली, हाल की उपलब्धियों, विभिन्न परीक्षणों एवं ट्रायल्स, प्रगतिशील परियोजनाओं तथा विक्रेता विकास गतिविधियों की भी जानकारी साझा की।
बैठक के अंत में राज्य मंत्री ने आरडीएसओ के अधिकारियों के साथ संवाद कर संगठन की विभिन्न गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि अनुसंधान आधारित तकनीकी विकास और स्वदेशी नवाचार भारतीय रेल को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण आधार साबित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *