खबर है..
लखनऊ
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रेलवे के विभिन्न संस्थानों में बड़े उत्साह के साथ योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ), उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल तथा पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में अधिकारियों, कर्मचारियों, महिला संगठनों के पदाधिकारियों और उनके परिवारजनों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन एवं योग सत्र का सजीव प्रसारण भी देखा गया।
आरडीएसओ परिसर के लेक पार्क (पक्षी विहार) में आयोजित ‘योग संगम’ कार्यक्रम में महानिदेशक प्रभास दनसाना, आरडब्ल्यूडब्ल्यूए की अध्यक्षा ज्योति दनसाना सहित बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में योगासन, प्राणायाम और ध्यान के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर बल दिया गया।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल द्वारा चारबाग स्थित रेलवे स्टेडियम के बैडमिंटन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में डीआरएम सुनील कुमार वर्मा, एडीआरएम शूरवीर सिंह चौहान, महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा निरुपमा वर्मा तथा रेलवे कर्मचारियों और खिलाड़ियों ने योगाभ्यास किया। डीआरएम वर्मा ने कहा कि योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाकर शारीरिक एवं मानसिक संतुलन बनाए रखा जा सकता है। कार्यक्रम के साथ मंडलीय चिकित्सालय में स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में भी विभिन्न स्टेशनों, रनिंग रूम, चिकित्सालयों और रेलवे संस्थानों में योग दिवस मनाया गया। बंदरियाबाग स्थित रेलवे अधिकारी क्लब ‘संस्कृति’ में डीआरएम गौरव अग्रवाल, एडीआरएम नीतू एवं अन्य अधिकारियों ने योगाभ्यास किया। डीआरएम अग्रवाल ने रेलकर्मियों से प्रतिदिन योग अपनाने की अपील करते हुए कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा को स्वस्थ रखने का सर्वोत्तम प्राकृतिक माध्यम है।
योग प्रशिक्षकों ने त्रिकोणासन, भुजंगासन, शलभासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराते हुए उच्च रक्तचाप, मधुमेह, गठिया और हृदय रोग जैसी समस्याओं में योग के लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रमों के अंत में योग प्रशिक्षकों को सम्मानित भी किया गया।
रेलवे परिवार ने एक स्वर में संदेश दिया कि स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन और बेहतर भविष्य के लिए योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है


