खबर है..
देहरादून
उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सख्ती एक बार फिर देखने को मिली है। होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में वर्दी सामग्री खरीद से जुड़े घोटाले में मुख्यमंत्री ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निदेशक होमगार्ड्स, डिप्टी कमांडेंट को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
यह मामला वित्तीय वर्ष 2024–25 और 2025–26 के दौरान होमगार्ड्स के लिए की गई वर्दी सामग्री की खरीद से जुड़ा है। आरोप है कि टेंडर प्रक्रिया में गंभीर वित्तीय अनियमितताएं की गईं और नियमों का पालन नहीं किया गया।
महानिदेशक, होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा, देहरादून की ओर से शासन को भेजी गई रिपोर्ट में टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता के अभाव और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि की गई है। इसी रिपोर्ट के आधार पर मुख्यमंत्री ने संयुक्त जांच समिति गठित करने के भी निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट कहा है कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप है और यह संदेश साफ है कि भ्रष्टाचार के मामलों में कोई भी अधिकारी कितना ही वरिष्ठ क्यों न हो, कार्रवाई तय है।
वर्दी घोटाले में सीएम धामी की बड़ी कार्रवाई, वरिष्ठ अधिकारी निलंबित
