विदेशी पैसे के बल पर सामाजिक एकता खंडित करना चाहती है कांग्रेसः सीएम योगी
खबर है..लखनऊ/रायबरेलीमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को रायबरेली के फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम में रायबरेली, बछरावां और हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 879 करोड़ रुपये की 346 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। उन्होंने कांग्रेस पर देश-समाज को बांटने और विदेशी पैसे के बल पर सामाजिक एकता को खंडित करने का आरोप लगाया।सीएम योगी ने कहा कि रायबरेली अब विकास की नई पहचान बना रहा है। मॉडर्न कोच फैक्ट्री ने पिछले वर्ष रिकॉर्ड 2,156 कोच बनाए, जबकि मई 2026 में यहां वंदे भारत ट्रेनशेड का रोलआउट भी हुआ। उन्होंने कहा कि रायबरेली में वीरा पासी का भव्य स्मारक और प्रतिमा बनाई जाएगी।मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और सपा ने लंबे समय तक रायबरेली-अमेठी को वोटबैंक की राजनीति का माध्यम बनाया। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत है और विकास योजनाओं का लाभ गरीबों तक पहुंच रहा है।मनुस्मृति को लेकर राहुल गांधी पर तंज कसते हुए योगी ने कहा कि सनातन परंपरा की कालगणना को लेकर गलत तथ्य नहीं बताए जाने चाहिए। उन्होंने अयोध्या और राम मंदिर के मुद्दे पर भी कांग्रेस और सपा पर निशाना साधा।सीएम ने पूर्व विधायक मनोज पांडेय की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रभु राम के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने पर उन्हें सपा से बाहर कर दिया गया। उन्होंने कहा, “जो राम का, वह हमारे काम का।”योगी ने कहा कि प्रदेश में 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन और 10 करोड़ लोगों को पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि रायबरेली में एम्स, सड़क, आवास, शौचालय और रोजगार जैसी सुविधाओं से विकास को गति मिली है।कार्यक्रम में खादी व ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान, खाद्य व रसद मंत्री मनोज पांडेय, उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, विधायक अदिति सिंह, अशोक कोरी, विधान परिषद सदस्य उमेश द्विवेदी, अवनीश सिंह, जिला पंचायत प्रशासक रंजना चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी, अपना दल जिलाध्यक्ष सत्येंद्र पटेल, पूर्व विधायक राकेश सिंह, रामलाल अकेला, राजाराम त्यागी, धीरेंद्र बहादुर सिंह और पूर्व एमएलसी राकेश प्रताप सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।
