यातायात के ‘रक्षक’ बनेंगे युवा परिवहन विभाग ने स्काउट्स और NCC कैडेट्स को सिखाए सड़क सुरक्षा के गुर : दयाशंकर सिंह

खबर है..
लखनऊ
उत्तर प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और जनहानि को न्यूनतम करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा माह (01 जनवरी से 31 जनवरी) के अंतर्गत व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत प्रदेशभर के जिलों एवं संभाग स्तर पर प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है।
यह जानकारी देते हुए परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा आपदा प्रबंधन विभाग, एनसीसी, स्काउट्स एंड गाइड्स, सिविल डिफेंस, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं यातायात पुलिस के समन्वय से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को यातायात का ‘रक्षक’ बनाकर समाज में जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है।

कार्यशालाओं में आपदा मित्र, सिविल डिफेंस, एनसीसी कैडेट्स, स्वयंसेवी संस्था CIA, डीलर्स एसोसिएशन, स्काउट्स एंड गाइड्स तथा यातायात पुलिस के कार्मिकों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
सुरक्षित सफर के लिए जरूरी जागरूकता
परिवहन मंत्री ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को अवगत कराया गया कि दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठी सवारी—दोनों के लिए BIS मानक वाला हेलमेट अनिवार्य है। वहीं, चौपहिया वाहनों में सभी यात्रियों के लिए सीट बेल्ट लगाना आवश्यक है।
उन्होंने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग से बचने, नशे की अवस्था में ड्राइविंग न करने, ओवरस्पीडिंग, रैश ड्राइविंग और स्टंट से परहेज करने की अपील की। कोहरे के मौसम में फॉग लाइट का प्रयोग करने और वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगवाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
आपकी मदद से बच सकती है घायल की जान
कार्यशालाओं में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के लिए उपलब्ध ‘कैशलेस उपचार सुविधा’ एवं ‘राहवीर योजना’ (Good Samaritan Law) की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि दुर्घटना की स्थिति में आमजन निर्भय होकर समय पर सहायता प्रदान कर सकें और बहुमूल्य जीवन बचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *