विधानसभा अध्यक्ष ने संत रविदास जयंती पर प्रदेशवासियों को दी बधाई

खबर है..

लखनऊ

उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने संत शिरोमणि सतगुरु रविदास महाराज की जयंती एवं पावन पर्व माघ पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास का जीवन और उनके विचार भारतीय समाज की अमूल्य धरोहर हैं, जो सदियों बाद भी उतने ही प्रासंगिक और प्रेरणादायी बने हुए हैं।
श्री महाना ने कहा कि संत रविदास जी के विचार कालातीत, सार्वभौमिक और समाज को सही दिशा देने वाले हैं। उन्होंने अपनी वाणी और कर्म के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता और मानवीय गरिमा के मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाया। संत रविदास जी ने जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर एक ऐसे समाज की कल्पना की, जहाँ प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान और समान अवसर प्राप्त हों।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि संत रविदास जी ने सामाजिक कुरीतियों, असमानताओं और अन्याय के विरुद्ध निर्भीक होकर आवाज़ उठाई। उनके विचारों ने समाज को जागृत करने के साथ-साथ आत्मचिंतन और सुधार की प्रेरणा भी दी।
श्री सतीश महाना ने कहा कि संत रविदास की शिक्षाएँ आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक हो गई हैं, जब समाज को आपसी सौहार्द, सहिष्णुता और भाईचारे की सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों से संत रविदास के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने और एक समतामूलक, संवेदनशील एवं सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *