
खबर है..
नई दिल्ली
आखिरकार भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल ही गया। बिहार के कद्दावर भाजपा नेता नितिन नवीन पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए। उन्हें यह सफलता मंत्र 45 वर्ष की उम्र में मिली है। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने के साथ यह माना जा रहा था कि वे अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। चुनाव के लिए उनके समर्थन में कुल 37 सीट नामांकन सेट दाखिल किए गए थे। इससे जाहिर हो गया था की उनका निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना सुनिश्चित है।
नितिन नवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत पार्टी के कई दिग्गजों ने उनके नाम का प्रस्ताव किया था। इससे यह संकेत साफ हो गया था कि संगठन और सरकार की ओर से यह चेहरा सभी को पसंद है। लिहाजा उनके नाम पर ही सभी प्रस्ताव आए थे। नितिन नवीन युवा मोर्चा से लेकर संगठन और बिहार के राजनीति में अपनी जबरदस्त पहचान का परिचय दे चुके हैं। तभी उन्हें इतनी कम उम्र में पार्टी की कमान देने का भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने मन बनाया। युवा नेता के रूप में मिली पार्टी की कमान से यह उम्मीद लगाई जा रही है कि वे भाजपा से युवाओं को जोड़ने और पार्टी में युवाओं को तरजीह देने में पीछे नहीं रहेंगे।
नितिन नवीन का भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना बिहार और कायस्थ समाज के लिए ऐतिहासिक गौरव की बात मानी जा रही है। भाजपा को पहली बार बिहार से राष्ट्रीय अध्यक्ष मिला है। इससे बिहार और कायस्थ समाज में पार्टी मजबूत होगी।
