खबर है..
देहरादून
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप आवास विभाग सचिवालय परिसर में आधुनिक कार्यालय भवन के निर्माण कार्य को तेज़ी से आगे बढ़ा रहा है। आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने सचिवालय परिसर में निर्माणाधीन आधुनिक कार्यालय भवन का औचक निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त सचिव एस.एस. रावत, अधिशासी अभियंता नीरज कुमार त्रिपाठी, अपर सहायक अभियंता संदीप वर्मा, सहायक अभियंता (विद्युत) गोविंद सिंह तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सचिव ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
राज्य संपत्ति विभाग के नियंत्रणाधीन सचिवालय परिसर में विश्वकर्मा भवन के समीप 6 मंजिला (जी+5 एवं एक बेसमेंट सहित) आधुनिक कार्यालय भवन का निर्माण किया जा रहा है। इस परियोजना को 26 मार्च 2025 को शासनादेश के तहत स्वीकृति दी गई है। भवन निर्माण की कुल लागत ₹5934.71 लाख है, जिसमें सिविल एवं विद्युतीकरण कार्य शामिल हैं। अब तक लगभग ₹1400 लाख की धनराशि आवंटित की जा चुकी है।
वर्तमान में फाउंडेशन एवं बेसमेंट का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा ग्राउंड फ्लोर का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसे 10 फरवरी 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना की भौतिक प्रगति लगभग 15 प्रतिशत है। निर्माण कार्य को 24 जनवरी 2027 तक पूर्ण किया जाना है।
डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि यह आधुनिक कार्यालय भवन सचिवालय की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और प्रभावी बनाएगा। उन्होंने दोहराया कि नियमित निरीक्षण और सतत निगरानी के माध्यम से निर्माण कार्यों को उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समय पर पूरा किया जाएगा।
धामी के विजन को ज़मीन पर उतार रहा आवास विभाग सचिवालय में आधुनिक कार्यालय भवन निर्माण को मिली गति
