खबर है
नई दिल्ली
गणतंत्र दिवस परेड-2026 में संस्कृति मंत्रालय ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए दो प्रमुख पुरस्कार अपने नाम किए। मंत्रालय की झांकी “वंदे मातरम – 150 वर्षों का सफर” को केंद्रीय मंत्रालयों एवं विभागों की श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ झांकी का प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। यह झांकी वंदे मातरम की ऐतिहासिक यात्रा, स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका और राष्ट्रीय एकता के प्रतीक स्वरूप को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है।

इसके साथ ही, मंत्रालय की सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति “वंदे मातरम: भारत की शाश्वत गूंज” को उसकी उत्कृष्ट कलात्मक अभिव्यक्ति और विषयगत गहराई के लिए विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस भव्य प्रस्तुति में देशभर के 2,500 कलाकारों ने शास्त्रीय, लोक और आदिवासी कला रूपों के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रभावना को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया।
