- 24 जनवरी को हुआ था शुरू, 30 प्रतिभागियों ने भाग लिया
लखनऊ
केंद्रीय विद्यालय आरडीएसओ लखनऊ में शुक्रवार को एडवांस फ्लाक लीडर प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। शिविर का शुभारंभ बीते 24 जनवरी को हुआ था। बृहस्पतिवार को कैम्प फायर का शानदार आयोजन हुआ | इस शिविर में केन्द्रीय विद्यालय संगठन के आगरा, भोपाल, जबलपुर, वाराणसी तथा लखनऊ के 30 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं | इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती सोना सेठ, उपायुक्त केन्द्रीय विद्यालय संगठन लखनऊ संभाग तथा अनूप अवस्थी, सहायक आयुक्त, केन्द्रीय विद्यालय संगठन लखनऊ संभाग, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे | विद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार शुक्ल ने दोनों अतिथियों को स्काउट स्कार्फ पहनाकर शिविर में शामिल किया तत्पश्चात हरित स्वागत किया | फ्लाक लीडर ने अतिथियों के स्वागत में स्वागत गीत प्रस्तुत किया | विद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार शुक्ल ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया | फ्लाक लीडर्स ने कई मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसे राजस्थानी नृत्य, कालबेलिया नृत्य आदि प्रस्तुत कर सभी की वाहवाही लूटी | शिविर नायिका (एल. ओ. सी.) सुश्री दया मेघानी ने कैम्प रिपोर्ट प्रस्तुत किया | मुख्य अतिथि श्रीमती सोना सेठ ने अपने वक्तव्य में इस शिविर के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए भारत स्काउट एवं गाइड्स के महत्त्व के बारे में विस्तृत प्रकाश डाला | उन्होंने बताया की भारत स्काउट एवं गाइड्स एक ऐसा मिशन है जो निःस्वार्थ भाव से देश की सेवा में रात-दिन लगा रहता है | केन्द्रीय विद्यालय संगठन के विद्यार्थी और शिक्षक इसे अनुशासन, नैतिक शिक्षा तथा देश सेवा का पाठ सीखते हैं| उन्होंने सभी प्रतिभागियों से कहा कि सभी यहाँ की सीख को अपने-अपने संभागों और विद्यालयों में शत-प्रतिशत कार्यान्वित करें| मुख्य अतिथि ने शिविर के सभी अधिकारयों को स्मृति-चिह्न देकर उनका सम्मान एवं उत्साहवर्धन किया|
इस कार्यक्रम के अंत में शिविर समन्वयक श्रीमती वर्षा मलिक ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया | श्रीमती विनीता शुक्ला, ए. एल. टी. बुलबुल, श्रीमती उषा सिंघल, एच. डब्ल्यू. बी., श्रीमती दिमोरे एच. डब्ल्यू. बी., एवं श्रीमती ज्योति बिश्नोई एच. डब्ल्यू. बी., ने इस शिविर में प्रशिक्षक का कार्य बड़ी ही कुशलता के साथ किया | शुक्रवार को विद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार शुक्ल ने सभी शिविर में प्रतिभागिता का प्रमाण-पत्र प्रदान कर सभी को भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं |
