राजभाषा के प्रचार प्रसार में निरंतर प्रगति पर : डीआरएम

  • पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की प्रथम तिमाही बैठक

खबर है..
लखनऊ
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम गौरव अग्रवाल ने कहा कि राजभाषा के प्रयोग-प्रसार के मामले में लखनऊ मंडल का योगदान निरन्तर प्रगति की ओर अग्रसर है।
श्री अग्रवाल सोमवार को डीआरएम कार्यालय में आयोजित पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल ’राजभाषा कार्यान्वयन समिति’ की प्रथम तिमाही बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि राजभाषा अधिनियम 1963 यथासंशोधित 1967 की धारा 3(3) के अन्तर्गत वर्णित सभी चौदह दस्तावेजों को नियमानुसार विद्वभाषी रूप में जारी किया जाना अनिवार्य हैं। राजभाषा विभाग की त्रैमासिक पत्रिका ’प्रगति’ एवं ’लखनऊ दर्पण’ समाचार बुलेटिन का नियमित प्रकाशन किया जा रहा है। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने अपील करते हुए कहा कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मेरा आग्रह है कि पत्रिका के लिए अपनी लिखी रचनाएं नियमित भेजते रहे। उक्त प्रकाशित रचनाओं पर प्रोत्साहन राशि भी दिए जाने की व्यवस्था होती है।
इससे पहले अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी सह अपर मण्डल रेल प्रबंधक (इंफ्रा0) भुवनेश सिंह ने अपने स्वागत सम्बोधन में कहा कि मंडल के कार्यक्षेत्र में कार्य नियमानुसार हिंदी/द्विभाषी रूप में निष्पादित किए जा रहे हैं। सरकारी कामकाज में राजभाषा हिंदी का प्रयोग करना हमारी संवैधानिक जिम्मेदारी है। मुझे खुशी है कि लखनऊ मंडल में इसका अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
सभी शाखाधिकारी एवं अन्य सदस्यगण, मंडल की प्रत्येक त्रैमासिक बैठक में अवश्य उपस्थित हों। साथ ही, स्टेशन राजभाषा कार्यान्वयन समितियों की त्रैमासिक बैठकें कैलेण्डर के अनुसार जारी तिथियों पर सम्पन्न कराकर उसका कार्यवृत्त एक सप्ताह के भीतर मंडल कार्यालय भिजवाना सुनिश्चित करें।
इसी कड़ी में वरिष्ठ मण्डल सुरक्षा आयुक्त चन्द्र मोहन मिश्रा द्वारा ’साइबर अपराध एवं साइबर हाइजीन’ एवं ’रेलवे अधिनियम-नियम 1989 की धारा 143 के अन्तर्गत अवैध टिकट दलाली’ की रोकथाम संबंधित विषयों पर व्याख्यान दिया गया।
जनसम्पर्क अधिकारी सह राजभाषा अधिकारी महेश गुप्ता ने राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का संचालन करते हुए रेलवे बोर्ड की मानक कार्यसूची के अनुसार विभागवार रपट प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अन्त में अपर मण्डल रेल प्रबन्धक/परिचालन श्रीमती नीतू ने धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
इस अवसर पर सभी शाखाधिकारी व अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *