- नवनियुक्त उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने किया सेकंड एंट्री का निरीक्षण
- चारबाग रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार पर बन रहा नया रेलवे स्टेशन
- महाप्रबंधक ने कहा कि टीम भावना के साथ कार्य करते हुए करें उत्कृष्ट प्रदर्शन
खबर है..
लखनऊ
उत्तर रेलवे के नवनियुक्त महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे ने मंगलवार को चारबाग रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार पर बन रहे नये रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। महाप्रबंधक का बागडोर संभालने के बाद श्री पांडे का लखनऊ मंडल में प्रथम आगमन हुआ। निरीक्षण के बाद उन्होंने कहा कि स्टेशन विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, जिससे यात्रियों को आधुनिक एवं सुविधाजनक इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध हो सके।

उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम सुनील कुमार वर्मा एवं आरएलडीए के मुख्य परियोजना प्रबंधक पावस यादव ने महाप्रबंधक का स्वागत किया। श्री पांडे ने लखनऊ स्टेशन (चारबाग) द्वितीय प्रवेश द्वार (2nd एंट्री) पर निर्माणाधीन स्टेशन भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, यात्री सुविधाओं की उपलब्धता तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि स्टेशन विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, जिससे यात्रियों को आधुनिक एवं सुविधाजनक इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध हो सके।
इसके बाद महाप्रबंधक श्री पांडे ने मंडल कार्यालय स्थित कंट्रोल बिल्डिंग का निरीक्षण किया। उन्होंने परिचालन व्यवस्था, मॉनिटरिंग प्रणाली एवं सुरक्षा प्रबंधन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सुचारु एवं सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंडल के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों, संरक्षा, यात्री सुविधाओं एवं परिचालन प्रदर्शन की समीक्षा की। महाप्रबंधक ने सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
