- रेल डिब्बों और लोकोमोटिव में सीसीटीवी कैमरे लगाने की प्रक्रिया शुरू
- रेल यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता : रेल मंत्री
खबर है..
नई दिल्ली
भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और संरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से डिब्बों और इंजनों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम आरंभ कर दिया है। सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था से शरारती तत्वों की गतिविधियों, तोड़फोड़ और चोरी रोकने में मदद मिलेगी। साथ ही इन घटनाओं की जांच में भी सहायता मिलेगी। इसी अनुसार जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयों ने डिब्बों और इंजनों में सीसीटीवी कैमरे खरीदने और लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अब तक भारतीय रेलवे नेटवर्क पर चलने वाले लगभग 12,300 कोच (वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेनों के सभी परिचालन रेक सहित) और 460 लोकोमोटिव में सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। हाल ही में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक बयान कहा कि भारतीय रेल परिचालन में यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। पिछले कुछ वर्षों में उठाए गए विभिन्न सुरक्षा उपायों से रेल दुर्घटनाओं में काफी कमी आई है। जानकारी के अनुसार रेल मंत्रालय ने सुरक्षा संबंधी गतिविधियों पर वर्ष 2013-14 में 39,200 करोड रुपए खर्च किए गए थे जबकि वर्ष 2025-26 में 1,17,693 करोड रुपए खर्च किए जाने का प्रावधान है।
