- मंगेश कुमार ने जिमनास्टिक में जीता स्वर्ण व रजत पदक
- उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम ने मंगेश को दी बधाई
खबर है..
लखनऊ
कोलकाता में आयोजित 54वीं अखिल भारतीय रेलवे जिम्नास्टिक चैम्पियनशिप में उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंगेश कुमार ने एक स्वर्ण पदक और एक रजत पदक जीता है। 4 से 6 फरवरी के बीच आयोजित जिम्नास्टिक चैम्पियनशिप में भारतीय रेलवे के विभिन्न जोनों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में भारतीय रेलवे के कुल 10 जोनों ने भाग लिया। उत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल के मंगेश कुमार सीसीटीसी/प्रयाग ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण पदक एवं एक रजत पदक अर्जित कर मंडल का नाम गौरवान्वित किया। श्री मंगेश की इस उपलब्धि से न केवल लखनऊ मंडल, बल्कि उत्तर रेलवे का गौरव बढ़ा है।
इस उपलब्धि के लिए उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने मंगेश कुमार को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए मंडल की प्रतिबद्धता को दोहराया है। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी तथा वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सुश्री अरिमा भटनागर भी मौजूद रहीं।
