पहली वंदेभारत स्लीपर ट्रेन की शुरुआत पश्चिम बंगाल सेप्रधानमंत्री मोदी देंगे सौगात, हावड़ा से गुवाहाटी तक सफर आसान

खबर है…
नई दिल्ली
बहुप्रतीक्षित देश की पहली वंदेभारत स्लीपर ट्रेन की शुरुआत पश्चिम बंगाल की जमीन से होने जा रही है। इस ट्रेन की सौगात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार 17 जनवरी को देशवासियों को देंगे। इस अत्याधुनिक हाईस्पीड ट्रेन में सफर को लेकर लोग उत्साहित हैं। हावड़ा से गुवाहाटी के बीच वंदेभारत स्लीपर ट्रेन का सफर शुरू हो रहा है। लेकिन रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव ने ऐलान किया है कि एक वर्ष के भीतर ऐसी एक दर्जन वंदेभारत स्लीपर ट्रेनें देश के विभिन्न हिस्सों से चलेंगी। वंदेभारत स्लीपर ट्रेन के अन्य रैक के निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। जैसे-जैसे यह रैक बनकर तैयार होंगी। वैसे-वैसे ट्रेनें चलनी शुरू हो जाएगी।
खबर है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 जनवरी को पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे। यहां वे भारतीय रेलवे के मालदा टाउन स्टेशन से हावड़ा-गुवाहाटी वंदेभारत स्लीपर ट्रेन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे यहां पर एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे। प्रधानमंत्री की ओर से नई स्लीपर ट्रेन की सौगात पश्चिम बंगाल से देने को यहां की आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की शुरुआत का आगाज माना जा रहा है। मोदी का यह दौरा देश के पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में अत्याधुनिक ट्रेन सेवा का विस्तार है। हालांकि वंदेभारत स्लीपर ट्रेन के अलावा नौ नई अमृत भारत ट्रेनों की शुरुआत भी की जा रही है। यह आम लोगों के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं वाली ट्रेन हैं।
वंदेभारत स्लीपर ट्रेन है खास
यह ट्रेन यात्रा को आरामदायक बनाने के साथ-साथ सफर के समय में लगभग 3 घंटे की बचत भी करेगी। ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे, जिन्हें 180 किमी/घंटा की अधिकतम गति के लिए डिज़ाइन किया गया है (नियमित संचालन 130 किमी/घंटा पर होगा)। कुल 823 बर्थ की व्यवस्था इस प्रकार है। इसमें ‘कवच‘ ऑटोमैटिक प्रोटेक्शन सिस्टम और इमरजेंसी टॉक-बैक यूनिट दी गयी है। बेहतर कुशनिंग वाली एर्गोनोमिक बर्थ, शोर कम करने वाली तकनीक और ऑटोमैटिक स्लाइडिंग दरवाजे भी हैं। हाइजीन और खान-पान: कीटाणुनाशक तकनीक वाला सैनिटेशन सिस्टम और ऑनबोर्ड स्टाफ द्वारा स्वादिष्ट स्थानीय व्यंजन सुविधा भी है। यात्रियों को उच्च गुणवत्ता वाले कंबल और एडवांस्ड बेडरोल दिए जाएंगे।
बुकिंग के नियम
इस प्रीमियम ट्रेन सेवा के लिए टिकटिंग सिस्टम में बड़े बदलाव किए हैं। सिर्फ कंफर्म टिकट: ट्रेन में केवल कंफर्म टिकट वाले ही यात्रा कर सकेंगे। यात्रा के दौरान आरएसी बर्थ शेयर करने का झंझट खत्म कर दिया गया है। इसमें वेटिंग लिस्ट की अनुमति नहीं होगी। इस ट्रेन में वीआईपी, इमरजेंसी कोटा या रेल अधिकारियों के पास मान्य नहीं होंगे। यह पूरी तरह डिजिटल और फिक्स्ड बर्थ आधारित होगी।
किराया
हावड़ा से कामाख्या का किराया 2299 रुपये : तृतीय वातानुकूलित श्रेणी में हावड़ा से कामाख्या का किराया 2299 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए 1334 रुपये और हावड़ा से मालदा टाउन के लिए 960 रुपये किराया देना होगा। म्हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए 1724 रुपये : द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी में हावड़ा से कामाख्या का किराया 2970 रुपये होग। इसी श्रेणी में हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए 1724 रुपये तथा हावड़ा से मालदा टाउन के लिए 1240 रुपये किराया तय किया गया है। प्रथम वातानुकूलित श्रेणी में हावड़ा से कामाख्या का किराया 3640 रुपये होगा, जबकि हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए 2113 रुपये और हावड़ा से मालदा टाउन के लिए 1520 रुपये चुकाने होंगे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *