नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की ‘पिक एंड ड्रॉप’ लेन हुई पैसेंजर फ्रेंडली

  • पिक एंड ड्रॉप लेन को लेकर लंबे समय से आ रही समस्या का हुआ समाधान
  • अधिकतम आठ मिनट में यात्रियों को उतार कर आसानी से बाहर निकल जाती हैं कारें
  • सुविधा को सुचारू बनाने के लिए तैनात किए गए हैं पूर्व सैनिक

खबर है..
नई दिल्ली

दिल्ली की अति व्यस्ततम रेलवे स्टेशन ‘नई दिल्ली’ की पिक एंड ड्रॉप लेन की सुविधा अब पैसेंजर फ्रेंडली हो गई है। नई दिल्ली स्टेशन पर अजमेरी गेट की ओर एक्सेस कंट्रोल पार्किंग सिस्टम है। यहां यात्रियों को पिक एंड ड्रॉप के लिए निर्धारित पार्किंग लेन को सुव्यवस्थित कर दिया गया है। इस लेन में प्राइवेट अथवा कमर्शियल कार को ही प्रवेश मिलता है। इस वजह से यात्रियों को लाने और ले जाने में अधिक समय नहीं लगता है और कार अधिकतम आठ मिनट में लेन से बाहर हो जाती हैं। निजी कार चालकों के लिए यह आठ मिनट की पार्किंग नि:शुल्क है।
गौरतलब है कि बीते दिनों नई दिल्ली स्टेशन पर पिक एंड ड्रॉप लेन में वाहनों के अनावश्यक जाम लगे रहने और इस वजह से कारों के लेन से जल्दी बाहर ना निकलने की शिकायतें मिलती रहती थीं। लिहाजा कार चालकों को अधिक पार्किंग शुल्क देना पड़ता था। इस तरह की परेशानियों को समझने और स्थलीय सर्वेक्षण के बाद दिल्ली मंडल रेलवे के आला अधिकारियों ने सुविधाजनक समाधान निकाला है। इसके तहत निर्धारित पिक एंड ड्रॉप लेन में प्राइवेट और कमर्शियल कारों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। लेन में अनावश्यक कारों की खड़े होने को लेकर जाम स्थिति पैदा ना हो इसलिए वहां मार्शल के तौर पर पूर्व सैनिकों की तैनाती की गई है। यह मार्शल 24 घंटे पार्किंग लेन की निगरानी करते हैं। स्टेशन परिसर में वाहनों के आने जाने को लेकर विभिन्न तरह के मूवमेंट प्लान बनाए गए हैं। इस वजह से स्टेशन पर आने-जाने वाले वाहनों के लिए पार्किंग लेन पैसेंजर फ्रेंडली हो गई। इसी तरह की सुव्यवस्थित वाहन व्यवस्था निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन परिसर में लाने की योजना बनाई जा रही है।

विज्ञापन होर्डिंग से बढ़ेगी दिल्ली रेल मंडल की आय, एमसीडी से अनुबंध जल्द :
दिल्ली रेल मंडल अपने स्टेशन परिसर के बाहरी हिस्से पर लगाए जाने वाले विज्ञापन होर्डिंग से आय बढ़ने की संभावना है। इसके लिए दिल्ली रेल मंडल और दिल्ली नगर निगम के बीच जल्द अनुबंध होने वाला है। इस अनुबंध से विज्ञापन होर्डिंग से होने वाली आमदनी की 75% धनराशि रेलवे को जबकि 25% धनराशि एमसीडी को मिलेगी। बीते एक दशक से इन विज्ञापन होर्डिंग से होने वाली पूरी आमदनी एमसीडी को जा रही थी। उच्चस्तरीय हस्तक्षेप के बाद दोनों के बीच विवाद सुलझ गया है और रेलवे के लिए आमदनी का रास्ता साफ हो गया है।
नया फूड प्लाजा :
निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर फिर नया फूड प्लाजा खुलेगा। इससे रेलयात्रियों क स्वादिष्ट खानपान की सुविधा मिलेगी। इससे पहले यहां फूड प्लाजा चल रहा था लेकिन बाद में वह बंद हो गया था। इसी जगह पर रेलवे की ओर फूड प्लाजा खोलने की प्रक्रिया अंतिम चरण में हैं।
एटीवीएम :
दिल्ली रेल मंडल के अधीन आने वाले बड़े रेलवे स्टेशनों पर 115 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन जल्द ही लगने वाले हैं। इससे रेलयात्रियों को टिकट विंडो पर लाइन लगाए बिना आसानी से टिकट मिल सकेगा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *