उत्तर प्रदेश की झांकी ने कर्तव्य पथ पर बिखेरा विरासत और विकास का अद्भुत संगम

खबर है..
नई दिल्ली
गणतंत्र दिवस-2026 के अवसर पर कर्तव्य पथ पर प्रस्तुत उत्तर प्रदेश की झांकी ने दर्शकों का मन मोह लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तैयार इस झांकी में बुंदेलखंड की ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा का प्रभावशाली चित्रण देखने को मिला।
झांकी के अग्रभाग में कालिंजर दुर्ग और एकमुख लिंग की प्रस्तुति ने प्रदेश की प्राचीन सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को जीवंत किया। मध्य भाग में बुंदेलखंड की मृद्भांड कला, मनका शिल्प और ‘एक जनपद एक उत्पाद’ (ODOP) योजना के तहत पारंपरिक हस्तशिल्प को दर्शाया गया, जिसने आत्मनिर्भर भारत की भावना को मजबूती दी।
बुंदेली लोकनृत्यों, नीलकंठ महादेव मंदिर और कालिंजर दुर्ग की झलकियों ने झांकी में सांस्कृतिक जीवंतता और पर्यटन की संभावनाओं को उकेरा। अंतिम हिस्से में ब्रह्मोस मिसाइल, एक्सप्रेसवे नेटवर्क और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर ने उत्तर प्रदेश के नए, सशक्त और विकसित स्वरूप को प्रस्तुत किया।
विरासत और विकास के संतुलित संगम से सजी यह झांकी गणतंत्र दिवस परेड में उत्तर प्रदेश की गौरवशाली पहचान को राष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने में सफल रही।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *